StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

भारतीय महिलाओं की नई पीढ़ी गटर जेनरेशन: कंगना

नई दिल्ली। भाजपा सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनोट ने नई पीढ़ी की कुछ भारतीय महिलाओं को लेकर विवादित बयान दिया है।

उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में ऐसी महिलाओं को ‘गटर जेनरेशन’ बताया, जो कथित तौर पर पश्चिमी जीवनशैली की नकल करते हुए शराब, नशे और कई यौन संबंधों को आजादी मानती हैं।

कंगना ने कहा कि वास्तविक स्वतंत्रता का मतलब अपने फैसलों की जिम्मेदारी उठाना और आत्मनिर्भर होना है।

कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि स्वतंत्र और करियर बनाने वाली महिलाएं अपने फैसले खुद लेती हैं, परंपराओं से अलग रास्ता चुनती हैं और अपने कर्मों की जिम्मेदारी भी खुद उठाती हैं।

उनके मुताबिक, ऐसी महिलाएं अपने फैसलों का बोझ माता-पिता या परिवार पर नहीं डालतीं।

‘आजादी के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी’

कंगना ने आगे आरोप लगाया कि तथाकथित पश्चिमी सोच से प्रभावित भारतीय महिलाओं की एक नई पीढ़ी सामने आई है।

उन्होंने इसे ‘गटर जेनरेशन’ कहते हुए दावा किया कि इनमें से कुछ महिलाएं आत्मनिर्भर हुए बिना स्वतंत्र जीवन जीने का दिखावा करती हैं।

कंगना के मुताबिक, शराब, नशे और यौन संबंधों को आजादी मानना वास्तविक स्वतंत्रता नहीं है।

उन्होंने कहा कि आजाद जीवन जीने के लिए आर्थिक और व्यक्तिगत जिम्मेदारी उठानी पड़ती है।

कंगना ने उन लोगों पर भी निशाना साधा जो अपने माता-पिता की कमाई पर निर्भर रहते हुए खुद को स्वतंत्र बताते हैं।

स्टूडेंट प्रोटेस्ट पर भी साधा था निशाना

कंगना ने सोमवार को चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर भी सोशल मीडिया पर टिप्पणी की थी।

उन्होंने प्रदर्शनकारियों की भाषा और व्यवहार पर सवाल उठाते हुए नई पीढ़ी की परवरिश पर निशाना साधा था।

उन्होंने प्रदर्शन से जुड़े वीडियो देखने के बाद इसे लेकर नाराजगी जताई और पूछा था कि आखिर युवाओं की ऐसी परवरिश कौन कर रहा है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन का किया था विरोध

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) छात्रों की मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही थी।

कंगना ने पहले भी इस आंदोलन की आलोचना करते हुए कहा था कि किसी व्यक्ति को पद से हटाने या बनाए रखने के लिए सरकार पर दबाव बनाने के बजाय सार्वजनिक मुद्दों पर बहस के लिए संसद का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

उन्होंने प्रदर्शन के तरीके को लेकर भी आपत्ति जताई थी।

Related Articles

Back to top button