मानसून छत्तीसगढ़ की सीमा तक पहुंचा: अगले 3 दिन में MP-UP में दस्तक की संभावना, 9 राज्यों में प्री-मानसून सक्रिय

भोपाल/रायपुर। देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून अब झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर चुका है और छत्तीसगढ़ की सीमा तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में इसके मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश पहुंचने की संभावना है। केरल में 4 जून को दस्तक देने के बाद मानसून अब तक 19 राज्यों तक पहुंच चुका है।
फिलहाल देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 9 राज्यों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। शनिवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में तेज बारिश हुई। कई स्थानों पर तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के तार गिरने की घटनाएं सामने आईं।
बारिश और आंधी के दौरान हादसों में उत्तर प्रदेश में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि झारखंड में बिजली गिरने से 3 महिलाओं समेत 7 लोगों की जान चली गई। मौसम विभाग ने कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां बढ़ गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार मानसून राज्य की दक्षिणी सीमा के बेहद करीब पहुंच चुका है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है। रायपुर समेत कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
इधर, राजस्थान में प्री-मानसून सक्रिय होने से कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आंधी-बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मध्य प्रदेश में भी मौसम बदल गया है और कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक यहां मानसून 18 जून तक पहुंच सकता है।
हालांकि कई राज्यों में अभी गर्मी का असर बना हुआ है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। महाराष्ट्र के यवतमाल में सबसे अधिक 42.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने 19 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।





