परिवहन विभाग ने दो अधिकारियों का किया अस्थाई स्थानांतरण, नई पदस्थापना के आदेश जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के परिवहन विभाग मंत्रालय, नवा रायपुर अटल नगर ने प्रशासनिक व्यवस्था के तहत दो परिवहन अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से अस्थाई स्थानांतरण किया है। संयुक्त सचिव परिवहन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के मुताबिक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय रायपुर में पदस्थ मृत्युंजय पटेल को स्थानांतरित कर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय दुर्ग के पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं, क्षेत्रीय परिवहन आयुक्त कार्यालय में सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के रूप में कार्यरत प्रतीक शुक्ला को नई जिम्मेदारी देते हुए जिला परिवहन अधिकारी, जिला परिवहन कार्यालय महासमुंद पदस्थ किया गया है।
परिवहन विभाग ने दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह स्थानांतरण प्रशासनिक आवश्यकता और विभागीय कार्यों के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
नई पदस्थापनाओं से संबंधित आदेश परिवहन विभाग मंत्रालय, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी कर दिए गए हैं। अधिकारियों के कार्यभार संभालने के बाद संबंधित जिलों में परिवहन व्यवस्था और विभागीय गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।





