मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों से किया मन लगाकर पढ़ाई का आह्वान, शिक्षा को बताया सफलता की मजबूत नींव

रायपुर। नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सफलता का सबसे मजबूत आधार है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई करने का स्थान नहीं होता, बल्कि यह बच्चों के सपनों को दिशा देने और उनके व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र होता है। स्कूलों में मिलने वाली शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय जाने, शिक्षकों का सम्मान करने और पूरे उत्साह के साथ अध्ययन करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की मेहनत और निरंतर प्रयास ही आने वाले समय में सफलता का मार्ग प्रशस्त करेंगे। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य तय कर उन्हें हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ ज्ञान, कौशल और रचनात्मक सोच का भी विशेष महत्व है। उन्होंने बच्चों को नई चीजें सीखने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सीएम साय ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी अपनी मेहनत, प्रतिभा और संकल्प के बल पर देश और दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चे ही प्रदेश के भविष्य के निर्माता हैं और उनकी सफलता से छत्तीसगढ़ का विकास और गौरव बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर स्वास्थ्य और शैक्षणिक सफलता की कामना करते हुए कहा कि सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत करने का आह्वान किया।





