जनसेवा ही प्रशासनिक सेवा का सर्वोच्च उद्देश्य,मुख्यमंत्री साय ने प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को दिया मंत्र

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रशासनिक सेवा का सबसे बड़ा उद्देश्य जनसेवा है। उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों से संवेदनशीलता, निष्पक्षता और पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के निर्णय सीधे तौर पर आम लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं, इसलिए हर फैसला जनहित को ध्यान में रखकर लिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री साय से सोमवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे तीन प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रशासनिक सेवा की जिम्मेदारियों और चुनौतियों के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुभव का वास्तविक महत्व तभी है, जब उसका उपयोग समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को सलाह दी कि वे हमेशा जमीन से जुड़े रहें और आम नागरिकों की समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में काम करें।
सीएम साय ने छत्तीसगढ़ की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रदेश प्राकृतिक संसाधनों, सांस्कृतिक विविधता और विकास की अपार संभावनाओं से समृद्ध है। यहां के लोग सरल, मेहनती और आत्मीय स्वभाव के हैं।
उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश की जनजातीय संस्कृति, पर्यटन संभावनाओं, बेहतर होती कनेक्टिविटी, नक्सल उन्मूलन और विकास की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
प्रशिक्षु अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अपने प्रशिक्षण अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें बस्तर संभाग के सुकमा और बीजापुर सहित सरगुजा संभाग के जशपुर, सरगुजा और कोरिया जिलों के भ्रमण का अवसर मिला।
उन्होंने स्थानीय संस्कृति, जनजीवन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अध्ययन किया। अधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की विविधता, यहां के लोगों की आत्मीयता और विकास की संभावनाओं ने उन्हें काफी प्रभावित किया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ईमानदारी, अनुशासन और जनहित की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि एक अच्छा प्रशासनिक अधिकारी वही है जो लोगों की अपेक्षाओं को समझकर संवेदनशीलता के साथ काम करे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के महानिदेशक एवं अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, संचालक टी.सी. महावर और संयुक्त संचालक प्रणव सिंह उपस्थित रहे। प्रशिक्षु अधिकारियों में गोकुल आर. के., वी. यशवंत नायक और ईशांत जायसवाल शामिल थे, जिन्हें छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित हुआ है।





