StateNewsदेश - विदेश

घने जंगल में छिपे थे आतंकी, सुरक्षाबलों ने दोनों को ढेर किया

दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में बुधवार देर रात सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में दो आतंकियों को मार गिराया। कार्रवाई मजालता इलाके के घने जंगलों में हुई। सुरक्षाबलों को यहां आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की एसओजी टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

तलाशी के दौरान संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्चिंग तेज की। इसी दौरान आतंकियों की ओर से फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकी मारे गए। पहाड़ी और घने जंगल वाले इलाके में अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को चुनौती का सामना करना पड़ा।

सूत्रों के मुताबिक, मारे गए दोनों आतंकियों के पाकिस्तानी होने की आशंका है। उनके कश्मीर टाइगर्स (केटी) या जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से जुड़े होने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दोनों आतंकियों की पहचान और उनके किसी संगठन से जुड़े होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जंगल और पहाड़ी इलाके में बढ़ाई गई थी निगरानी

मजालता का इलाका घने जंगलों और पहाड़ी भूभाग से घिरा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों को पिछले कुछ दिनों से ब्रेटल-खुब्बन बेल्ट और आसपास के जंगलों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। इसके बाद इलाके में निगरानी बढ़ाई गई थी।

बुधवार रात संदिग्ध लोगों की आवाजाही की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान चलाया। घेराबंदी के दौरान आतंकियों की मौजूदगी की पुष्टि होने पर मुठभेड़ शुरू हुई। ऑपरेशन के बाद इलाके में अतिरिक्त तलाशी अभियान भी चलाया गया, ताकि किसी अन्य संदिग्ध की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।

इस साल 15 आतंकी घटनाएं

जम्मू-कश्मीर में इस साल अब तक 15 आतंकी घटनाएं सामने आई हैं। इनमें 15 आतंकी मारे गए हैं। दो सुरक्षाकर्मी शहीद हुए, जबकि तीन नागरिकों की भी मौत हुई है। उधमपुर जिले में इस साल सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच दो बार एनकाउंटर हो चुका है।

Related Articles

Back to top button