StateNewsदेश - विदेश

मोदी के जन्मदिन पर देशभर में जगमगाएंगे 2 करोड़ दीये

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सेवा अभियान के तहत शाम 6 से 7 बजे के बीच ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने की तैयारी है। भाजपा की ओर से लोगों से घरों के बाहर दीपक जलाने की अपील की गई है। जन्मदिन के मौके पर सेवा पखवाड़े के तहत देशभर में कार्यक्रम आयोजित करने की परंपरा रही है।

गुजरात में गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मस्थान वडनगर से वाराणसी तक करीब 1300 किलोमीटर की बाइक यात्रा को रवाना किया। इसी के साथ वाराणसी से वडनगर के लिए भी यात्रा शुरू हुई। दोनों यात्राओं में करीब 1000 युवा, 10 राज्य और 193 जिले जुड़ेंगे। यात्रा का समापन 7 अक्टूबर को होगा।

एमपी में 58 लाख दीप जलेंगे

मध्य प्रदेश में कुल 58 लाख दीप जलाने की तैयारी है। उज्जैन में अकेले 25 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। शिप्रा नदी के घाटों पर दीप सजाए जाएंगे। एक ब्लॉक में 225 दीप होंगे और इन्हें जलाने के लिए दो वॉलंटियर्स लगाए जाएंगे। प्रत्येक वॉलंटियर को करीब 112 दीप जलाने होंगे।

हरियाणा में 79.52 लाख दीप बांटेंगे

हरियाणा में अंत्योदय परिवारों को दो-दो दीप निशुल्क देने की तैयारी है। राज्य में 39,76,273 राशन कार्ड हैं। इनके लिए 79,52,546 दीप आवंटित किए गए हैं।

बंगाल में हुगली किनारे रोशनी

पश्चिम बंगाल में हुगली नदी के किनारे 10 से ज्यादा घाटों पर 8.5 लाख दीप जलाए जाएंगे। बाजा कदमताल घाट पर अकेले एक लाख दीप जलाने की तैयारी है।

छत्तीसगढ़ में भी 36 लाख दीप जलाने की तैयारी है। अलग-अलग राज्यों में स्थानीय स्तर पर कार्यक्रमों की तैयारियां की गई हैं।

Related Articles

Back to top button