देशभर में मानसून सक्रिय, 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां जारी हैं। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों में गुरुवार को बारिश का अलर्ट है। राजस्थान के 23 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बुधवार को श्रीगंगानगर समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई। श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओले भी गिरे। बीकानेर संभाग में हालांकि गर्मी का असर रहा। पिलानी में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री और बीकानेर में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के 15 जिलों में करीब 50 लाख लोग प्रभावित हैं। 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। बाढ़ के कारण 700 से ज्यादा ग्रामीण सड़कें प्रभावित हुईं। इनमें 100 से ज्यादा सड़कें पूरी तरह बह गईं, जबकि करीब 400 सड़कें 50 फीसदी से ज्यादा क्षतिग्रस्त हैं। झारखंड में बिजली गिरने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हुई है।
उत्तराखंड के देहरादून में गुरुवार सुबह तेज बारिश हुई। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी। पिथौरागढ़ में आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर दोबारा लैंडस्लाइड हुई। बुधवार दोपहर करीब 12:10 बजे मलबा और बोल्डर सड़क पर आने से वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। चमोली के बैरांगना के पास भी लैंडस्लाइड की तस्वीरें सामने आई हैं।
हिमाचल प्रदेश में शिमला समेत ज्यादातर हिस्सों में सुबह बारिश हुई। शिमला में सुबह करीब 7:15 बजे अंधेरा छा गया। विजिबिलिटी 20 मीटर से भी नीचे पहुंच गई। मौसम विभाग ने छह जिलों में मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।
जम्मू-कश्मीर की गुरेज घाटी के काबुल गली में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। श्रीनगर में भी गुरुवार सुबह कई हिस्सों में बारिश हुई।
मध्य प्रदेश में अब तक 33.1 इंच बारिश हो चुकी है, जो सामान्य कोटे की 88.7% है। राज्य के 23 जिलों में सामान्य या उससे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। वहीं, छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में ज्यादातर जिले सूखे रहे। सरायपाली और कटेकल्याण में 10-10 मिमी बारिश हुई। प्रदेश में 19 सितंबर से कुछ इलाकों में तेज बारिश का अनुमान है।





