ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

शराब पार्टी के बाद तालाब में डूबे 2 दोस्त: बिलासपुर में पैर फिसलने से हादसा, हाथ-मुंह धोने उतरे थे

बिलासपुर। जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक अपने पांच दोस्तों के साथ घूमने निकले थे और तालाब किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान हाथ-मुंह धोने के लिए तालाब में उतरने पर पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए, जिससे उनकी जान चली गई।

मृतकों की पहचान बंधवापारा निवासी हिमांशु चहांदे (21) और देवरीखुर्द निवासी शिवम मानिकपुरी (20) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सभी दोस्त रविवार दोपहर खमतराई की ओर घूमने गए थे और अमहा तालाब के पास एक पेड़ के नीचे बैठकर शराब पी रहे थे। शाम करीब चार बजे हिमांशु और शिवम तालाब में हाथ-मुंह धोने उतरे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे गहरे हिस्से में समा गए। दोनों को तैरना नहीं आता था, जिससे वे खुद को बचा नहीं सके।

बताया जा रहा है कि अमहा तालाब में मुरूम निकालने के लिए जेसीबी से खुदाई की गई थी, जिससे तालाब अचानक गहरा हो गया है। किनारे से ही गहराई शुरू हो जाती है, जो हादसे का बड़ा कारण बनी। साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों युवक डूब चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना के गोताखोर मौके पर पहुंचे और देर रात शवों को बाहर निकाला गया।

घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ मौजूद दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।

गौरतलब है कि जिले में तालाब, नदी और खदान में डूबने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले तीन साल में ऐसे हादसों में 17 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें बड़ी संख्या में किशोर शामिल हैं। यह घटना प्रशासन और समाज दोनों के लिए गंभीर चेतावनी है।

Related Articles

Back to top button