ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

इंजेक्शन लगते ही कोमा में गई 13 माह की बच्ची, उपचार के दौरान मौत

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 13 महीने की बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगते ही बच्ची की हालत बिगड़ गई और वह कोमा में चली गई। चार दिन तक इलाज के बाद 24 फरवरी की रात उसकी मौत हो गई। घटना जिला अस्पताल पुलिस चौकी क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, संजू केवट अपनी 13 माह की बेटी वानिया को 20 फरवरी को सर्दी-खांसी की शिकायत पर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। बच्ची को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

परिजनों का कहना है कि कैनुला लगाने के बाद इंजेक्शन दिया गया, जिसके तुरंत बाद उसकी तबीयत गंभीर हो गई। नानी अमृता निषाद ने आरोप लगाया कि इंजेक्शन मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी छात्रा ने लगाया था।

परिजनों का यह भी आरोप है कि हालत बिगड़ने पर मौके पर कोई वरिष्ठ डॉक्टर मौजूद नहीं था। स्टाफ द्वारा व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से डॉक्टर से सलाह ली गई और उसी आधार पर उपचार किया गया। बच्ची को आईसीयू में रखा गया, लेकिन चार दिन बाद उसने दम तोड़ दिया।

घटना से आक्रोशित परिजन 25 फरवरी को कलेक्ट्रेट पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग की। इसके बाद अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर गेट के सामने धरने पर बैठकर प्रदर्शन किया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

अस्पताल अधीक्षक गोपाल कंवर ने कहा कि बच्ची निमोनिया से पीड़ित थी और उपचार प्रोटोकॉल के तहत किया गया। उन्होंने मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे प्रकरण की जांच में जुटे हैं।

Related Articles

Back to top button