ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

APK फाइल डाउनलोड करते ही 7 लाख की ठगी: आरडीए कॉलोनी का युवक बना साइबर फ्रॉड का शिकार

रायपुर। राजधानी के आरडीए कॉलोनी में रहने वाले एक युवक के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है, जहां फर्जी आरटीओ चालान के नाम पर उससे 7 लाख से ज्यादा रुपए ठग लिए गए।

मिली जानकारी के अनुसार, आरडीए कॉलोनी निवासी पवित्र पाल (56) के पुत्र रोहित को 10 से 16 अप्रैल के बीच एक अज्ञात नंबर 7307736403 से कॉल आया। कॉलर ने खुद को अधिकारी बताकर आरटीओ चालान लंबित होने की बात कही और जुर्माना भरने के लिए एक APK फाइल भेजी।

रोहित ने जैसे ही उस फाइल को डाउनलोड किया, उसका मोबाइल हैक हो गया और उसके बैंक खाते से 7,42,209 रुपए ट्रांसफर कर लिए गए। शुरुआत में उसे इस ठगी का पता नहीं चला, लेकिन अगले दिन बैंक से ट्रांजैक्शन का मैसेज मिलने पर मामला उजागर हुआ।

घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। पीड़ित के पिता पवित्र पाल ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

साइबर सेल की टीम आरोपियों तक पहुंचने के लिए कॉल डिटेल्स और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के मामलों में अक्सर फ्रॉड करने वाले लोग फर्जी लिंक या APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लेते हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आए लिंक या फाइल को डाउनलोड न करें और आरटीओ या बैंक से जुड़े किसी भी संदेश की पुष्टि आधिकारिक वेबसाइट या कार्यालय से ही करें।

Related Articles

Back to top button