ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बस से 600 नग चांदी के पायल बरामद,46 लाख के जेवर देखकर पुलिस और यात्रियों के उड़े होश

महासमुंद। महासमुंद जिले में चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के रेहटीखोल नाका (NH-353) पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक यात्री बस से 600 नग चांदी के पायल बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की कीमत करीब 46 लाख रुपए आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में चांदी के जेवर मिलने से मौके पर मौजूद पुलिस टीम के साथ-साथ बस में सवार यात्रियों के भी होश उड़ गए।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को ओडिशा की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान श्री श्याम ट्रैवल्स की एक बस को रोककर तलाशी ली गई। चेकिंग के दौरान एक यात्री संदिग्ध लगा, जो नीले रंग का पिट्ठू बैग लिए हुए था। पूछताछ में उसने अपना नाम राज किशोर शर्मा उर्फ राजू (58) निवासी कटक, ओडिशा बताया।

पुलिस ने जब उसके बैग की तलाशी ली, तो उसमें रखे तीन प्लास्टिक डिब्बों से 600 नग चांदी के पायल बरामद हुए। इनका कुल वजन 18.590 किलोग्राम बताया गया है। जब्त किए गए आभूषणों की अनुमानित कीमत 46,68,090 रुपए है।

पुलिस ने आरोपी से चांदी के जेवर के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 94 के तहत नोटिस जारी कर विधिवत कार्रवाई करते हुए जेवर जब्त कर लिए गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय, छत्तीसगढ़ को भेजा गया है। इस कार्रवाई को अवैध परिवहन और कर चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button