ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

शिक्षिका की पीएचडी पर उठे सवाल: एक साथ दो जगह हाजिरी, छुट्टियों के गलत इस्तेमाल का आरोप; जांच शुरू

खैरागढ़। खैरागढ़ जिले में एक शिक्षिका की पीएचडी को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय से की गई पीएचडी पर सवाल उठाते हुए शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिक्षिका ने एक ही समय में स्कूल और विश्वविद्यालय, दोनों जगह अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शासकीय हाईस्कूल लिमतरा में पदस्थ शिक्षिका निकेता सिंह ने नियमित (रेगुलर) तौर पर पीएचडी की है। नियमों के मुताबिक, रेगुलर पीएचडी के लिए शोधार्थी को विश्वविद्यालय में उपस्थित रहकर अध्ययन और शोध कार्य करना होता है। लेकिन शिकायत में दावा किया गया है कि इसी दौरान शिक्षिका स्कूल में भी नियमित उपस्थिति दर्ज कराती रही, जो नियमों के विपरीत है।

शिकायत में वर्ष 2011 से 2015 के बीच कई तिथियों का उल्लेख किया गया है, जिनमें शिक्षिका विश्वविद्यालय की संगोष्ठियों और कार्यक्रमों में शामिल बताई गई हैं, जबकि उन्हीं दिनों स्कूल रिकॉर्ड में उनकी उपस्थिति दर्ज है। इससे पूरे मामले पर संदेह गहरा गया है।

इसके अलावा मेडिकल लीव के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठे हैं। आरोप है कि शिक्षिका ने चिकित्सा अवकाश लिया, लेकिन उसी अवधि में पीएचडी से संबंधित गतिविधियों में सक्रिय रहीं। इससे मेडिकल छुट्टी के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।

जिला पंचायत से मिली एनओसी में स्पष्ट शर्त थी कि पढ़ाई के लिए अलग से अवकाश नहीं मिलेगा और केवल परीक्षा के दिनों में ही छुट्टी दी जाएगी। साथ ही स्कूल के कामकाज पर असर नहीं पड़ने की बात भी कही गई थी, लेकिन शिकायत में इन शर्तों के उल्लंघन का आरोप है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने 20 अप्रैल 2026 को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। प्राचार्य को जांच सौंपी गई है और 15 दिनों में रिपोर्ट मांगी गई है। अब जांच रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button