22 अप्रैल को दंतेवाड़ा आएंगे सचिन तेंदुलकर: बच्चों संग खेलेंगे क्रिकेट, स्टेडियम का करेंगे उद्घाटन

दंतेवाड़ा। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर 22 अप्रैल को परिवार के साथ छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के दौरे पर आएंगे। उनका यह दौरा खेल और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बेहद खास माना जा रहा है।
दौरे के दौरान सचिन गीदम ऑडिटोरियम में शिक्षकों और बच्चों से मुलाकात करेंगे और उनके साथ संवाद करेंगे। इसके अलावा पनेड़ा ग्राउंड में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन करेंगे और बच्चों के साथ मैदान में उतरकर क्रिकेट भी खेलेंगे। वे इंद्रावती नदी के किनारे बसे छिंदनार गांव का भी दौरा करेंगे, जहां विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
इस दौरे की सबसे खास बात यह है कि सचिन केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि बच्चों के साथ खेलकर उन्हें प्रेरित करेंगे। छात्र-छात्राएं खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे खेलों का प्रदर्शन भी करेंगे, जिसे सचिन करीब से देखेंगे और मार्गदर्शन देंगे।
सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन के माध्यम से जिले में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। अब तक 15 खेल मैदान तैयार किए जा चुके हैं और 25 स्कूलों व आश्रमों में खेल गतिविधियां संचालित हो रही हैं। कई शिक्षकों को मुंबई में ट्रेनिंग दी गई है, वहीं बच्चों को प्रोफेशनल कोचिंग भी मिल रही है।
दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और तैयारियां जोरों पर हैं। गौरतलब है कि कभी नक्सल गतिविधियों के लिए चर्चित रहा दंतेवाड़ा अब खेल और शिक्षा के जरिए नई पहचान बना रहा है। सचिन का यह दौरा जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकता है।





