ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

चार साल में 111 सांसद-विधायकों ने बदली पार्टी: 26% BJP में गए, नगालैंड में सबसे ज्यादा मामले; ADR रिपोर्ट

दिल्ली। देश में 2022 से जुलाई 2026 के बीच चुनाव जीतने के बाद 111 सांसदों और विधायकों ने पार्टी बदली। इनमें 26 लोकसभा सांसद, 7 राज्यसभा सांसद और 78 विधायक शामिल हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और नेशनल इलेक्शन वॉच की 24 सितंबर को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इन 111 नेताओं में से 29 यानी 26% दूसरी पार्टियों में जाने के बाद BJP में शामिल हुए। कांग्रेस में 9 यानी 8% नेता गए। हालांकि, पार्टी बदलने के मामलों में सबसे ज्यादा संख्या नगालैंड की रही।

नगालैंड में 32, बंगाल में 20 मामले

नगालैंड में सबसे ज्यादा 32 सांसद-विधायकों ने पार्टी बदली। इनमें 25 नेता NDPP से NPF में गए। इसके बाद पश्चिम बंगाल में 20 मामले सामने आए। ADR के मुताबिक, 111 मामलों में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि शामिल हैं।

पार्टी छोड़ने वालों में NDPP के 25, AITC के 20 और कांग्रेस के 19 नेता रहे। इसके बाद BRS के 9, AAP और NCP के 7-7, शिवसेना (UBT) के 6 और JD(U) के 5 नेता शामिल हैं।

NPF में सबसे ज्यादा नेता शामिल हुए

दूसरी पार्टियों में जाने वालों में NPF ने 32 नेताओं को शामिल किया, जबकि BJP में 29 और Nationalist Citizens Party of India में 20 नेता गए। कांग्रेस में 9 और शिवसेना में 8 नेता शामिल हुए।

रिपोर्ट में पार्टी बदलने के मामलों में व्यक्तिगत दलबदल, पार्टी विलय, इस्तीफा देकर उपचुनाव जीतना और अयोग्यता के बाद उपचुनाव जीतना शामिल किया गया है। ADR ने कहा कि व्यवस्थित आधिकारिक डेटाबेस उपलब्ध नहीं होने के कारण आंकड़े पूरी तरह अंतिम नहीं माने जा सकते।

ADR ने दलबदल कानून में बदलाव की सिफारिश करते हुए सांसदों की अयोग्यता पर राष्ट्रपति और विधायकों के मामलों में राज्यपाल को निर्णय का अधिकार देने तथा चुनाव आयोग की सलाह लेने का सुझाव दिया है।

Related Articles

Back to top button