StateNewsदेश - विदेश

इंडोनेशिया में बनी 50 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम

126 स्थानीय कारीगरों ने हाथों से बुनी मूर्ति; पत्थर या धातु नहीं, सिंथेटिक रैटन से तैयार की गई प्रतिमा

दिल्ली। इंडोनेशिया के बाली में भगवान गणेश की 50 फीट से ज्यादा ऊंची प्रतिमा बनाई गई है। इस विशाल प्रतिमा ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह बनाई है। इसकी खासियत यह है कि इसे पत्थर या धातु से नहीं, बल्कि सिंथेटिक रैटन यानी कृत्रिम बेंत से तैयार किया गया है। प्रतिमा की कुल ऊंचाई 15.315 मीटर (करीब 50 फीट 2 इंच) है।

यह प्रतिमा बाली प्रांत के जियान्यार स्थित ‘अलास हारुम बाली’ में स्थापित की गई है। इसे बाली की कंपनी अलास हारुम बाली ने तैयार कराया है। निर्माण में 126 स्थानीय बालिनी कारीगरों ने हाथों से बुनाई की। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसे ‘दुनिया की सबसे ऊंची सपोर्टेड सिंथेटिक रैटन प्रतिमा’ का खिताब दिया है।

सबसे ऊंची गणेश प्रतिमा का रिकॉर्ड नहीं

इस उपलब्धि को लेकर एक खास बात भी है। यह दुनिया की सबसे ऊंची गणेश प्रतिमा का रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि सिंथेटिक रैटन से बनी सबसे ऊंची सपोर्टेड प्रतिमा का रिकॉर्ड है। भारत में इंडोनेशिया के दूतावास ने भी इसकी तस्वीरें और जानकारी साझा की हैं।

बाली में हिंदू संस्कृति की गहरी छाप

इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम बहुल देश है, लेकिन यहां की संस्कृति और इतिहास पर हिंदू-बौद्ध परंपराओं का भी प्रभाव रहा है। खासतौर पर बाली अपनी हिंदू संस्कृति और मंदिरों के लिए प्रसिद्ध है। यहां पुरा बेसाकिह को प्रमुख मंदिर माना जाता है, जबकि समुद्र किनारे स्थित तनाह लोट मंदिर भी प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थल है। हिंदू मान्यताओं में भगवान गणेश को बुद्धि, सफलता, सौभाग्य और शुभ शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।

Related Articles

Back to top button