‘आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस’: सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने पर PM मोदी का संदेश

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने LoC पार कर पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की थी। मोदी ने इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति में बदलाव का उदाहरण बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत लंबे समय से आतंकवाद का दर्द झेलता रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक इसी के खिलाफ एक निर्णायक कार्रवाई थी। उन्होंने बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। मोदी ने कहा कि भारत ने अपना रुख स्पष्ट किया है कि आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।
26/11 और 9/11 हमले को भी किया याद
पीएम मोदी ने 2008 के मुंबई आतंकी हमले और दिल्ली में हुए सीरियल ब्लास्ट का जिक्र किया। उन्होंने 9/11 आतंकी हमले के 25 साल पूरे होने की बात भी कही और हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी।
जनगणना को बताया राष्ट्रीय दायित्व
मोदी ने कहा कि जनगणना देश के हर नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपनी और परिवार की जानकारी दर्ज कराने की अपील की। प्रधानमंत्री ने बताया कि मोबाइल के जरिए भी जनगणना से जुड़ी जानकारी दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध है।
स्वच्छता और नशामुक्ति अभियान का जिक्र
2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के संदर्भ में पीएम ने स्वच्छता के महत्व की बात कही। उन्होंने सोशल मीडिया पर स्वच्छता अभियानों से जुड़ी तस्वीरों और वीडियो का भी उल्लेख किया।
उन्होंने युवाओं के नशामुक्ति अभियानों की जानकारी देते हुए कहा कि देशभर में एंथम, स्लोगन राइटिंग और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अलावा असम में पिग्मी हॉग संरक्षण कार्यक्रम की सफलता और थाईलैंड में भगवान गणेश की लोकप्रियता का भी जिक्र किया।





