ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राजधानी में लेंसकार्ट का विरोध: शोरूम में घुसकर चश्मा तोड़ा, कर्मचारियों को लगाया टीका

रायपुर। रायपुर में सोशल मीडिया से शुरू हुआ लेंसकार्ट विवाद अब सड़कों तक पहुंच गया है। राजधानी में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने शोरूम पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “जय श्री राम” के नारे लगाए, शोरूम के भीतर घुसकर कर्मचारियों को टीका लगाया और एक चश्मा तोड़कर नाराजगी जताई। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, धर्म जागरण समिति की सह संयोजिका भारती वैष्णव अपने समर्थकों के साथ लेंसकार्ट शोरूम पहुंचीं। यहां उन्होंने कर्मचारियों से नाम पूछकर उन्हें टीका लगाया और कंपनी के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसी कंपनी द्वारा हिंदू विरोधी कृत्य किए जाएंगे, तो उसका इसी तरह विरोध किया जाएगा।

भारती वैष्णव ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि लेंसकार्ट में कर्मचारियों को तिलक, कलेवा और जनेव धारण करने की अनुमति नहीं है, जबकि मुस्लिम कर्मचारियों को हिजाब पहनने की छूट दी जाती है। उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण बताते हुए इसका विरोध किया।

हालांकि, इस पूरे विवाद पर कंपनी पहले ही अपनी सफाई दे चुकी है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जारी बयान में कहा कि उनके ‘इन-स्टोर स्टाइल गाइड’ में सभी धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों का सम्मान किया जाता है। कंपनी के मुताबिक, बिंदी, तिलक, सिंदूर, कलेवा, मंगलसूत्र, कड़ा, हिजाब और पगड़ी सहित सभी प्रतीकों की अनुमति है और इन्हें समान रूप से स्वीकार किया जाता है।

कंपनी ने यह भी कहा कि यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उसे खेद है और भविष्य में सभी नीतियां समानता और सम्मान के सिद्धांतों पर आधारित होंगी। फिलहाल इस घटना के बाद विवाद और गहरा गया है।

Related Articles

Back to top button