StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

शेयर बाजार में जोरदार तेजी: सेंसेक्स 600 अंक उछला, निफ्टी 24,250 के पार;विदेशी बाजारों में गिरावट के बीच घरेलू बाजार मजबूत

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार ने शुक्रवार को मजबूत शुरुआत की। कारोबार के शुरुआती दौर में सेंसेक्स करीब 600 अंक (0.80%) चढ़कर 77,800 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 170 अंक (0.70%) की बढ़त के साथ 24,250 के पार कारोबार करता दिखा। बाजार में आईटी, ऑटो और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली।

वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बावजूद भारतीय बाजार में निवेशकों का सकारात्मक रुख बना हुआ है। कारोबार के दौरान प्रमुख आईटी कंपनियों, निजी बैंकों और ऑटो शेयरों में तेजी ने बाजार को मजबूती दी।

हालांकि, एशियाई बाजारों में दबाव देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 6.37%, जापान का निक्केई 4.40% और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 1.72% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। वहीं अमेरिकी बाजार भी गुरुवार को कमजोरी के साथ बंद हुए। डाउ जोन्स 0.20%, नैस्डैक 1.47% और एसएंडपी 500 में 0.51% की गिरावट दर्ज की गई।

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को 4,206 करोड़ रुपए के शेयरों की बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 2,987 करोड़ रुपए की खरीदारी की। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि घरेलू निवेशकों की लगातार खरीदारी बाजार को सहारा दे रही है।

गौरतलब है कि गुरुवार को शेयर बाजार लगभग सपाट बंद हुआ था। सेंसेक्स 1 अंक की मामूली बढ़त के साथ 77,186 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 5 अंक फिसलकर 24,072 पर आ गया था। उस दिन रियल्टी सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली थी। शुक्रवार को बाजार ने एक बार फिर मजबूती के संकेत दिए हैं।

Related Articles

Back to top button