डोडा में सर्विस राइफल छीनने के प्रयास के दौरान चली गोली, SOG के तीन जवान घायल

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में शुक्रवार को सुरक्षाकर्मियों से हथियार छीनने की कोशिश के दौरान गोलीबारी हो गई। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के तीन जवान घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना डोडा जिले के भद्रवाह क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी की सर्विस राइफल छीनने का प्रयास किया। इस दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई और गोली चल गई। गोलीबारी में संदिग्ध व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
घायल जवानों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। मौके से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कोई साजिश थी या यह अचानक हुई वारदात थी।
फिलहाल इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा।





