StateNewsदेश - विदेश

NEET-UG 2026 का रिजल्ट जारी,11.21 लाख छात्र हुए क्वालिफाई; पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने किया टॉप

दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर रात NEET-UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। इस साल करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 11.21 लाख छात्र-छात्राएं मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य मेडिकल कोर्सों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए हैं। अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड neet.nta.nic.in पर देख सकते हैं।

इस बार पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल कर ऑल इंडिया टॉप किया। खास बात यह रही कि 2020 और 2021 के बाद पहली बार कोई भी अभ्यर्थी 720 का परफेक्ट स्कोर नहीं बना सका। परीक्षा में 19 छात्रों ने 700 से अधिक, जबकि 138 अभ्यर्थियों ने 690 से ज्यादा अंक प्राप्त किए।

NTA के आंकड़ों के अनुसार, टॉप स्कोरर्स में 93 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी पहली बार परीक्षा देने वाले थे। वहीं, 99 प्रतिशत टॉप रैंकर्स की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच रही। कुल सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं शामिल हैं, जिससे मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में लड़कियों की बढ़ती भागीदारी एक बार फिर सामने आई है।

इस वर्ष सभी श्रेणियों की कट-ऑफ में भी बड़ा इजाफा हुआ है। सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए न्यूनतम क्वालिफाइंग अंक 144 से बढ़कर 213 हो गया, जबकि ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के लिए यह 113 से बढ़कर 177 अंक पहुंच गया।

हालांकि, पिछले दो वर्षों की तुलना में इस बार परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या कम रही। 2024 में 23.33 लाख और 2025 में 22.09 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी, जबकि 2026 में यह संख्या घटकर करीब 20 लाख रह गई। इसके बावजूद सफल छात्रों के बीच प्रतिस्पर्धा पहले से अधिक कड़ी रही।

Related Articles

Back to top button