सोहेल खान का खुलासा: बचपन में हुआ था यौन उत्पीड़न, बाद में पिता से साझा किया दर्द

मुंबई। अभिनेता और फिल्म निर्माता सोहेल खान ने पहली बार अपने बचपन से जुड़ा एक दर्दनाक अनुभव साझा किया है। उन्होंने खुलासा किया कि बचपन में उनका यौन उत्पीड़न हुआ था, लेकिन शर्म और डर की वजह से उन्होंने कई वर्षों तक इस बारे में किसी से बात नहीं की। सोहेल ने यह खुलासा रियलिटी शो ‘अलायंस’ के दौरान किया।
शो में साथी कंटेस्टेंट्स अर्सलान गोनी, रुही दोसानी और अली गोनी के साथ बातचीत के दौरान रैगिंग और मानसिक आघात पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान सोहेल ने कहा, “जब मैं छोटा था, तब किसी ने मेरा यौन उत्पीड़न किया था। मैंने इस बात को सालों तक अपने अंदर दबाकर रखा और किसी को नहीं बताया।”
उन्होंने बताया कि बड़े होने के बाद उन्होंने यह बात अपने पिता को बताई। इस पर उनके पिता ने उनसे पूछा कि उन्होंने इतने वर्षों तक यह बात छिपाकर क्यों रखी। सोहेल ने कहा कि उस समय उन्हें इस घटना के बारे में बोलने में शर्म महसूस होती थी, जबकि इसमें उनकी कोई गलती नहीं थी।
इसी एपिसोड में सोहेल अपने परिवार को याद कर भावुक भी हो गए। उन्होंने कहा कि रियलिटी शो में एक कंटेस्टेंट के रूप में हिस्सा लेने के बाद उन्हें मानसिक और भावनात्मक दबाव का वास्तविक एहसास हुआ। उनके मुताबिक, इस अनुभव ने उन्हें ऐसी सीख दी, जो उन्हें अपने 55 साल के जीवन में पहले कभी नहीं मिली थी।
शो में सोहेल की पूर्व पत्नी सीमा सजदेह ने भी वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री की है। उनकी मौजूदगी के बाद दोनों के बीच सकारात्मक बॉन्डिंग देखने को मिली। सीमा का स्वागत करते हुए सोहेल ने कहा कि उन्होंने 25 साल उनके साथ बिताए हैं और यदि रिश्ते में कोई कमी रही, तो उसकी जिम्मेदारी वह खुद लेते हैं।





