StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

शेयर बाजार: सेंसेक्स 150 अंक चढ़ा, निफ्टी 24,600 पर; जूनिपर ग्रीन एनर्जी की 9% प्रीमियम पर लिस्टिंग

दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार, 6 अगस्त को कारोबार की शुरुआत हल्की तेजी के साथ हुई।

बीएसई सेंसेक्स करीब 150 अंक (0.20%) की बढ़त के साथ 78,700 के स्तर पर कारोबार करता दिखा, जबकि एनएसई निफ्टी मामूली 10 अंकों (0.04%) की गिरावट के साथ 24,600 के आसपास बना रहा।

शुरुआती कारोबार में बैंकिंग शेयरों में खरीदारी देखने को मिली, जबकि आईटी और ऑटो सेक्टर के शेयरों में दबाव रहा।

आज के कारोबार में निवेशकों की नजर जूनिपर ग्रीन एनर्जी की शेयर बाजार में लिस्टिंग पर भी रही। कंपनी का शेयर एनएसई पर 245 रुपये और बीएसई पर 242 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो इसके 225 रुपये के इश्यू प्राइस से लगभग 9% अधिक है।

कंपनी का आईपीओ 30 जुलाई से 3 अगस्त तक खुला था और इसे निवेशकों का अच्छा समर्थन मिला। यह इश्यू कुल 7.97 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

वैश्विक बाजारों की बात करें तो एशियाई शेयर बाजारों में कमजोरी का माहौल रहा। जापान का निक्केई करीब 1.56%, हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग लगभग 1.97% और दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब 3.97% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।

वहीं, अमेरिकी बाजारों में बुधवार को मिला-जुला रुख देखने को मिला। डाउ जोंस 0.49% की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि नैस्डैक 0.83% और एसएंडपी 500 0.17% की गिरावट के साथ बंद हुए।

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने पिछले सात कारोबारी दिनों में भारतीय बाजार में 2,703 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं, हालांकि पिछले 30 दिनों में उनका निवेश अब भी शुद्ध रूप से नकारात्मक बना हुआ है।

इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 152 अंक की बढ़त के साथ 78,581 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी ने भी मामूली बढ़त दर्ज की थी।

Related Articles

Back to top button