ई-ऑफिस और समयबद्ध उपस्थिति में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

मुख्य सचिव ने दिए प्रशंसा पत्र; अगले महीने से विभागाध्यक्ष और जिला कार्यालयों में भी होगा मासिक सम्मान
रायपुर। रायपुर में मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर में सोमवार को मासिक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य सचिव विकासशील ने ई-ऑफिस के जरिए फाइलों के त्वरित निराकरण और समयबद्ध कार्यालयीन उपस्थिति में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मंत्रालयीन अधिकारियों-कर्मचारियों को जून माह के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मंत्रालय के अधिकारी-कर्मचारी, विभागाध्यक्ष और प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि मंत्रालय की तर्ज पर अब विभागाध्यक्ष कार्यालयों और जिला स्तर पर भी हर महीने बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएं
उन्होंने ई-एचआरएमएस, स्पैरो (SPARROW) और ई-ऑफिस में सभी अधिकारी-कर्मचारियों की शत-प्रतिशत डिजिटल ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ऑनलाइन ACR और बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य
वर्ष 2025-26 के वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन (ACR) को ऑनलाइन भरना और आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रणाली से उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया गया है।
अगले महीने से ई-ऑफिस में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विभागाध्यक्ष कार्यालय और जिला कार्यालय को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
इसके लिए 1 अप्रैल से 31 जुलाई 2026 तक के प्रदर्शन का संचयी आकलन कर स्कोरबोर्ड तैयार किया जाएगा। इसके आधार पर विभागों और जिलों की रैंकिंग जारी होगी।
टॉप-3 विभागों को मिला सम्मान
विभागीय श्रेणी में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग प्रथम, गृह विभाग द्वितीय और वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तृतीय स्थान पर रहा। अधिकारियों की विभिन्न श्रेणियों में भी शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वालों को सम्मानित किया गया।
संयुक्त सचिव श्रेणी में भूपेन्द्र कुमार राजपूत प्रथम, अनुपम त्रिवेदी द्वितीय और सच्चिदानंद आलोक तृतीय रहे। उप सचिव श्रेणी में दूरदेशी राम सोन्टापर, शिव कुमार सिंह और किशोर कुमार भूआर्य ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
इसके अलावा अवर सचिव, अनुभाग अधिकारी, कनिष्ठ सचिवालय सहायक और कंप्यूटर ऑपरेटर श्रेणी में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रशंसा पत्र दिए गए। समयबद्ध उपस्थिति के लिए उप सचिव क्लेमेनटिना लकड़ा, अवर सचिव दिव्या वैष्णव समेत 19 अन्य अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।





