डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कवर्धा में सपरिवार की गोवर्धन पूजा, गौ माता को खिलाया प्रसाद

भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता से प्रदेश की खुशहाली की कामना की, किसानों के खेत-खलिहान धन-धान्य से भरे रहने की मांगी प्रार्थना
कवर्धा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को कबीरधाम जिले के कवर्धा स्थित अपने निवास पर सपरिवार गोवर्धन पूजा का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज से मनाया।
इस अवसर पर उन्होंने गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और उन्हें प्रसाद खिलाया। पूजा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और परंपराओं में गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व है। यह पर्व गौवंश के प्रति सम्मान, प्रकृति के संरक्षण और कृषि संस्कृति से जुड़ा हुआ है। इसी परंपरा का पालन करते हुए उप मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ पूजा की और गौ सेवा का संदेश दिया।
किसानों की समृद्धि और गौवंश संरक्षण की कामना
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता से प्रार्थना की कि प्रदेश के अन्नदाताओं के खेत-खलिहान हमेशा धन-धान्य से भरे रहें। किसानों के जीवन में समृद्धि आए और उन्हें खेती-किसानी में उन्नति के नए अवसर मिलें।
उन्होंने गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन तथा प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति और खुशहाली बनी रहने की कामना भी की। इस अवसर पर गोवर्धन पूजा के माध्यम से गौ सेवा, कृषि संस्कृति और पारंपरिक लोक आस्था के महत्व को रेखांकित किया गया।





