ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सैनिक स्कूल अंबिकापुर में छठवीं-नौवीं के एडमिशन शुरू, 2 दिसंबर तक करें आवेदन

31 जनवरी 2027 को होगी प्रवेश परीक्षा; सामान्य तिथि चूकने पर 500 रुपए विलंब शुल्क के साथ मिलेगा मौका

रायपुर। सैनिक स्कूल अंबिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठवीं और नौवीं में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित सैनिक स्कूल में दाखिले के लिए विद्यार्थियों को अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) देनी होगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने इसके लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।

एनटीए के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी 2 दिसंबर 2026 की रात 11:50 बजे तक आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे। निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को 500 रुपए अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर तक आवेदन करने का अवसर मिलेगा। आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर तक विंडो खुली रहेगी।

11 जनवरी को परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी

प्रवेश परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी। वहीं, अभ्यर्थी 25 जनवरी से एनटीए की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी और पेन-पेपर मोड में ओएमआर शीट के माध्यम से ली जाएगी।

कक्षा छठवीं की परीक्षा 150 मिनट की होगी। यह परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। वहीं, कक्षा नौवीं के लिए परीक्षा की अवधि 180 मिनट निर्धारित की गई है और इसका माध्यम अंग्रेजी रहेगा।

एनटीए की वेबसाइट से करें आवेदन

इच्छुक विद्यार्थी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ या https://nta.ac.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा, पात्रता, आरक्षण, परीक्षा शुल्क और पाठ्यक्रम की जानकारी सूचना पुस्तिका में उपलब्ध है।

आवेदन या परीक्षा से संबंधित समस्या के लिए अभ्यर्थी 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा aissee@nta.ac.in पर ई-मेल भी भेज सकते हैं।

Related Articles

Back to top button