छठ पूजा पर यात्रियों की भीड़ संभालने रायपुर स्टेशन में 4200 वर्गफीट का होल्डिंग एरिया तैयार

400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, 24 घंटे सक्रिय रहेगा वार रूम; रेलवे महाप्रबंधक ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रायपुर। दीपावली के बाद घरों से लौटने वाले यात्रियों और छठ पूजा के लिए ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 4200 वर्गफीट में होल्डिंग एरिया बनाया गया है। इसमें करीब 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। यहां 15 और 20 रुपए में भोजन, 14 रुपए में रेल नीर और मुफ्त पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने मंगलवार, 10 नवंबर को रायपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने होल्डिंग एरिया, टिकटिंग व्यवस्था, सुरक्षा और क्राउड मैनेजमेंट प्लान का जायजा लिया। इस दौरान यात्रियों से बातचीत कर सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।
टिकट के लिए 20 एटीवीएम की सुविधा
स्टेशन पर टिकट के लिए यात्रियों को लंबी कतारों से बचाने 20 एटीवीएम लगाए गए हैं। इसके अलावा टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाई गई है और मोबाइल टिकटिंग की सुविधा भी दी जा रही है। महाप्रबंधक ने आरक्षित-अनारक्षित टिकट केंद्र, क्लॉक रूम, मार्गदर्शन कियोस्क और प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बने डिजिटल बैगेज लॉकर का निरीक्षण किया। प्रतीक्षालय और वेटिंग लाउंज में यात्रियों से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
सीसीटीवी से निगरानी, 24 घंटे सक्रिय रहेगा वार रूम
त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने 24 घंटे सक्रिय रहने वाला वार रूम बनाया है। यहां विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड के जरिए भीड़ पर नजर रखी जाएगी। वाणिज्यिक, परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल और यांत्रिक विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी तकनीकी या परिचालन संबंधी समस्या पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
मेडिकल टीम और एम्बुलेंस भी तैनात
स्टेशन पर सफाई, पेयजल, शौचालय, लिफ्ट, एस्केलेटर और प्रतीक्षालयों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। खानपान स्टॉलों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित कीमतों की जांच भी की जाएगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस और मेडिकल टीम तैनात की गई है। रेलवे का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।





