छत्तीसगढ़ के निर्यातकों को FTA से खुलेंगे विदेशी बाजारों के रास्ते

ब्रिटेन, ओमान, न्यूजीलैंड, UAE और ऑस्ट्रेलिया के व्यापारिक अवसरों पर होगी चर्चा; निर्यात शुल्क में छूट की मिलेगी जानकारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कारोबार बढ़ाने और नए व्यापारिक अवसरों का लाभ दिलाने के लिए 12 नवंबर को रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
भारत सरकार के वाणिज्य विभाग और छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के सहयोग से यह कार्यक्रम होटल बेबीलोन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड में सुबह 10:30 बजे से होगा। इसका विषय ‘मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाना’ (Leveraging Free Trade Agreements-FTAs) रखा गया है।
कार्यशाला में प्रदेश के वर्तमान और संभावित निर्यातकों को भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य स्थानीय उद्योगों और कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
पांच प्रमुख विदेशी बाजारों पर फोकस
कार्यशाला में यूनाइटेड किंगडम (UK), ओमान, न्यूजीलैंड, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में भारतीय उत्पादों की संभावनाओं पर विशेष चर्चा होगी। मुक्त व्यापार समझौतों के तहत भारतीय उत्पादों को कई देशों में शून्य या रियायती आयात शुल्क का लाभ मिल सकता है। इससे छत्तीसगढ़ के उत्पादों को विदेशी बाजारों में प्रतिस्पर्धी बनाने और निर्यात बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
उत्पादों के चयन से निर्यात प्रक्रिया तक मिलेगी जानकारी
कार्यक्रम में क्षेत्रवार विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें संभावित निर्यात उत्पादों, उत्पत्ति के नियम (Rules of Origin), गैर-शुल्क बाधाओं और व्यापारिक प्रक्रियाओं पर व्यावहारिक चर्चा होगी। निर्यातकों को बताया जाएगा कि वे मुक्त व्यापार समझौतों के प्रावधानों का इस्तेमाल कर अपने कारोबार को कैसे विस्तार दे सकते हैं।
कार्यशाला में भारत सरकार के वाणिज्य विभाग, भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) और छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। इससे प्रदेश के उद्योगों को वैश्विक व्यापार की नई संभावनाओं और निर्यात संबंधी प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिलेगा।





