छत्तीसगढ़ में खुलेंगे 5 AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी ट्रेनिंग

पहले साल 20 एआई डेटा लैब्स बनाने की तैयारी, NIT, IIIT और IIM के सहयोग से पहले चरण में 15 हजार कर्मचारी होंगे प्रशिक्षित
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश के पांचों संभागों में एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाए जाएंगे। वहीं, पहले साल में 20 एआई डेटा लैब्स स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा प्रशासनिक कामकाज में एआई तकनीक का उपयोग बढ़ाने के लिए करीब 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ एआई मिशन की पहली स्टीयरिंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें प्रदेश में एआई आधारित तकनीकी विकास, सुशासन और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के रोडमैप पर चर्चा की गई।
रायपुर, दुर्ग, सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर में खुलेंगे केंद्र
योजना के तहत रायपुर, दुर्ग, सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर संभाग में पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे। रायपुर में NIT और IIIT नया रायपुर के सहयोग से इन केंद्रों की गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा रहा है। इनका उद्देश्य तकनीकी अनुसंधान, नवाचार और एआई आधारित समाधान विकसित करना है।
पहले चरण में 15 हजार कर्मचारियों को ट्रेनिंग
सरकारी विभागों में एआई के उपयोग के लिए पहले चरण में 15 हजार कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए NIT, IIIT और IIM जैसे संस्थानों की मदद ली जाएगी। आगे चलकर कुल 1.5 लाख शासकीय सेवकों को प्रशिक्षित करने की योजना है।
छात्रों और युवाओं के लिए भी पाठ्यक्रम
मिशन के तहत स्कूली विद्यार्थियों, कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों के छात्रों के लिए एआई आधारित विशेष पाठ्यक्रम और डिजिटल अध्ययन सामग्री तैयार की जाएगी। साथ ही अनुसंधान परियोजनाओं, फेलोशिप और अकादमिक चेयर के जरिए तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य सचिव ने विभागों के बीच समन्वय बनाकर एआई मिशन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।





