बालोद में स्कूल वैन पुल से गिरा, मासूम की मौत; 13 से अधिक घायल

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बुधवार दोपहर एक स्कूल वाहन पुल से नीचे गिर गया। हादसे में 7 साल की मासूम वेदांशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 से अधिक बच्चे घायल हो गए।
स्कूल वैन में कुल 21 बच्चे सवार थे। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से डौंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसा डौंडी थाना क्षेत्र के छिंदगांव के आगे मरारटोला गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, आजाद पब्लिक स्कूल, डौंडी का यह स्कूल वैन छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रहा था। पुल पर वैन अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। इसमें पहली से पांचवीं कक्षा के छात्र-छात्राएं सवार थे।
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को वैन से बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस टीम भी तुरंत पहुंची। घायलों में कुछ बच्चों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वैन में नियमित ड्राइवर के बजाय कोई अन्य व्यक्ति वाहन चला रहा था। यदि यह पुष्टि होती है तो इसे स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही माना जाएगा।
डौंडी थाना के टीआई उमा ठाकुर ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। तकनीकी खामी, चालक की लापरवाही और अन्य पहलुओं की छानबीन की जा रही है।
हादसे में जान गंवाने वाली वेदांशी ग्राम लिम्हाटोला की रहने वाली थी। पिछले साल उसके पिता भी सड़क हादसे में मृत हो गए थे। इस घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की फिटनेस, प्रशिक्षित चालकों और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावक प्रशासन से नियमित जांच, प्रशिक्षित ड्राइवर और ओवरलोडिंग पर सख्ती की मांग कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने तक पूरे जिले में मातम और चिंता का माहौल है।





