बिजली बिल बकायादारों को राहत, समाधान योजना की तारीख 31 दिसंबर तक बढ़ी; 10% तक छूट

रायपुर। रायपुर में बिजली बिल के बकायादार उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। छत्तीसगढ़ पावर कंपनी ने समाधान योजना की अंतिम तारीख तीन महीने बढ़ा दी है। अब पात्र उपभोक्ता 31 दिसंबर 2026 तक योजना का लाभ लेकर अपना बकाया बिजली बिल जमा कर सकेंगे। योजना की अवधि बढ़ने से रायपुर समेत प्रदेश के करीब साढ़े 5 लाख पंजीकृत बकायादार उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
समाधान योजना के तहत बकाया राशि जमा करने वाले उपभोक्ताओं को भुगतान के तरीके के आधार पर छूट दी जा रही है। यदि उपभोक्ता पूरा बकाया एकमुश्त जमा करता है तो मूल राशि पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं, तीन किस्तों में भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को कुल बिजली बिल पर 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
पूरा सरचार्ज भी होगा माफ
योजना की सबसे बड़ी राहत यह है कि पात्र बकायादारों का सरचार्ज पूरी तरह माफ किया जाएगा। इससे लंबे समय से बिजली बिल नहीं चुकाने वाले उपभोक्ताओं को अतिरिक्त शुल्क के बोझ से राहत मिलेगी। योजना का लाभ घरेलू और कृषि, दोनों श्रेणी के उपभोक्ताओं को मिलेगा।
पावर कंपनी के मुताबिक अब तक 3.62 लाख उपभोक्ता समाधान योजना के तहत अपना पूरा बकाया जमा कर चुके हैं। योजना के तहत अब तक उपभोक्ताओं को 770 करोड़ रुपए से ज्यादा की छूट दी जा चुकी है।
31 दिसंबर तक मिलेगा मौका
पहले समाधान योजना के तहत बकाया राशि जमा करने की समय सीमा कम थी, लेकिन अब इसे तीन महीने बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दिया गया है। यानी जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल बकाया है, उन्हें अब अतिरिक्त समय मिल गया है। उपभोक्ता इस अवधि के दौरान योजना की शर्तों के मुताबिक एकमुश्त या किस्तों में भुगतान कर छूट और सरचार्ज माफी का लाभ ले सकते हैं।





