छत्तीसगढ़ में आज हल्की बारिश के आसार, कुछ जगह बिजली गिरने का अलर्ट; रायपुर में मौसम साफ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई का दौर जारी है। सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहा और बारिश की गतिविधियां काफी कम रहीं। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार यानी 6 अक्टूबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
रायपुर में आज मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। यहां दिन का तापमान करीब 34 डिग्री और रात का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश थमने के बाद प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है।
सोमवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में 34.4 डिग्री, पेंड्रा रोड में 33.8 डिग्री, बिलासपुर में 33.6 डिग्री और दुर्ग में 33.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
रात के तापमान में भी अलग-अलग जिलों में अंतर रहा। अंबिकापुर में सबसे कम 18.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री और दुर्ग में 21.6 डिग्री रहा। अंबिकापुर में सुबह हल्की धुंध के बीच धूप निकली।
अगले दो दिन हल्की बारिश और बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी बनी रहेगी। ऐसे में बारिश या आंधी के दौरान खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
2-3 दिन में कुछ और हिस्सों से मानसून की विदाई
दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी लगातार आगे बढ़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2-3 दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसके साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।



