StateNewsदेश - विदेश

अमूल ने घी-बटर के दाम बढ़ाए: 1 किलो घी ₹50 महंगा होकर ₹680 का हुआ, बटर भी ₹3 तक महंगा

दिल्ली। अमूल ने घी और बटर की कीमतों में ₹3 से लेकर ₹50 तक की बढ़ोतरी की है। अब 1 किलो घी का कार्टन ₹630 की जगह ₹680 में मिलेगा। वहीं, 100 ग्राम बटर पैक की कीमत ₹63 से बढ़कर ₹66 हो गई है। कंपनी ने 500 ग्राम घी और बटर के पैक के दाम भी बढ़ाए हैं।

कीमतों में इस बढ़ोतरी की एक बड़ी वजह गुजरात और राजस्थान में नकली घी के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद ब्रांडेड घी की मांग बढ़ना बताया जा रहा है। इससे बाजार में सप्लाई पर दबाव बढ़ा है। सितंबर 2025 में GST घटने के बाद ग्राहकों को कीमतों में जो राहत मिली थी, उसका फायदा भी अब काफी कम हो गया है।

500 ग्राम घी ₹20 और बटर ₹15 महंगा

अमूल के नए रेट के मुताबिक, 500 ग्राम प्योर घी का पाउच अब ₹325 के बजाय ₹345 में मिलेगा। इसी तरह 500 ग्राम बटर की कीमत ₹310 से बढ़कर ₹325 हो गई है। यानी इस पैक पर ₹15 ज्यादा चुकाने होंगे।

सितंबर 2025 में डेयरी प्रोडक्ट्स पर GST 12% से घटाकर 5% किए जाने के बाद अमूल ने करीब 700 उत्पादों के दाम कम किए थे। उस समय 1 किलो घी की कीमत ₹650 से घटाकर ₹610 और 100 ग्राम बटर की कीमत ₹62 से ₹58 की गई थी।

गुजरात में घी की सप्लाई पर दबाव

गुजरात के वडोदरा और अहमदाबाद में दुकानदारों के मुताबिक, अमूल घी का स्टॉक कम मिल रहा है। गणेश उत्सव के बाद काउ घी की मांग बढ़ने से उपलब्धता प्रभावित हुई है।

अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके के एक डी-मार्ट आउटलेट में मंगलवार को घी और बटर का स्टॉक नहीं था। पुणे और कोलकाता में भी जुलाई और सितंबर में सप्लाई प्रभावित होने की शिकायतें आई थीं।

अमूल से जुड़े एक कोऑपरेटिव लीडर के मुताबिक, पिछले छह महीनों में गुजरात और राजस्थान से करीब 2 लाख किलो नकली घी जब्त किया गया है। कार्रवाई के बाद लोगों का भरोसा ब्रांडेड घी पर बढ़ा है। त्योहारों के सीजन में सालभर की कुल घी बिक्री का करीब 45% हिस्सा खपता है। ऐसे में बढ़ी मांग से सप्लाई पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है।

Related Articles

Back to top button