असम होटल गोलीकांड के आरोपी की पुलिस फायरिंग में मौत: SI की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

दिल्ली। असम के शिवसागर जिले में बुधवार को पुलिस फायरिंग में गुवाहाटी होटल गोलीकांड के आरोपी घनकांत गोगोई की मौत हो गई। उस पर 26 अक्टूबर को होटल में 5 लोगों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था।
पुलिस के मुताबिक, उसे 2024 के एक बैंक फ्रॉड केस में पूछताछ के लिए गुवाहाटी से शिवसागर ले जाया जा रहा था। रास्ते में उसने सब इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा की सर्विस पिस्टल छीनने की कोशिश की।
जवाबी फायरिंग में गोली लगने से वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इस दौरान SI शर्मा के दाहिने पैर में भी चोट आई है।
शौच के बहाने गाड़ी से उतरा, पिस्टल छीनने लगा
SSP पापोरी चेतिया के मुताबिक, फूलपनिचिगा इलाके में आरोपी ने शौच जाने की बात कही। गाड़ी से उतरते ही उसने जांच अधिकारी SI देबाशीष शर्मा की पिस्टल छीनने की कोशिश की।
इस दौरान हाथापाई हुई और 2 से 3 राउंड फायर हुए। दो गोलियां पुलिस वाहन में लगीं। आरोपी के हमले से पुलिसकर्मी को बचाने के लिए दूसरे जवान ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोगोई घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई।
होटल में 5 लोगों की गोली मारकर की थी हत्या
26 अक्टूबर की रात गुवाहाटी के पलटन बाजार इलाके के एक होटल में गोलीबारी हुई थी। पुलिस को रिसेप्शन एरिया में चार लोग मृत मिले थे, जबकि दो घायल थे।
घायलों को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां एक और व्यक्ति की मौत हो गई। मृतकों में भूदेव भराली (65), नारायण दास (48), हेलेना भराली (58), देबर्षि कश्यप (39) और रिनिका कश्यप (30) शामिल थे।
होटल लीज को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, भराली परिवार ने 10 सितंबर 2025 को गोगोई के साथ होटल का 5 साल का लीज एग्रीमेंट किया था। मासिक किराया करीब 1.8 लाख रुपए तय हुआ था।
होटल के इस्तेमाल और सुविधाओं को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। 26 अक्टूबर को बातचीत के लिए बैठक रखी गई थी, लेकिन बहस मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान गोगोई ने छह लोगों पर गोलियां चला दीं।
गोगोई को वारदात के बाद गिरफ्तार किया गया था। 3 नवंबर को अदालत ने अतिरिक्त पुलिस रिमांड की मांग खारिज कर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था। इसके बाद 2024 के बैंक फ्रॉड केस में भी उसकी गिरफ्तारी हुई। पुलिस इसी मामले में उसे शिवसागर ले जा रही थी।



