ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

तूफान मुरासु का असर: रायपुर में तेज बारिश, कई जिलों में बदला मौसम

19 जिलों में यलो अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; जगदलपुर में सबसे ज्यादा 22 मिमी बारिश रिकॉर्ड

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान मुरासु का असर दिखने लगा है। मंगलवार शाम राजधानी रायपुर में तेज बारिश हुई। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और शाम को शहर के कई इलाकों में धुंध भी देखने को मिली।

मौसम विभाग ने 3 नवंबर को प्रदेश के 19 जिलों और 4 नवंबर को 15 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान मुरासु के कारण हो रहा है। अर्नब तूफान के चार दिन बाद मुरासु आंध्र प्रदेश के ओंगोल के पास तट से टकराया। इस दौरान करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। इसका असर छत्तीसगढ़ तक पहुंच रहा है।

रायपुर में बादल, बारिश के आसार

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राजधानी रायपुर में बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश और बादलों के कारण मौसम में ठंडक महसूस हो सकती है।

जगदलपुर में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 22 मिमी बारिश जगदलपुर में रिकॉर्ड हुई। वहीं राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बारिश के दौरान बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button