ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बीएसपी के 3,946 आवासधारियों का किराया 75% तक घटा, अब 6 रुपए प्रति वर्गफीट

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर बीएसपी प्रबंधन ने जारी किया आदेश; रिटेंशन और थर्ड पार्टी आवासों की दर एक समान हुई

रायपुर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की टाउनशिप में रहने वाले करीब 4 हजार परिवारों को आवास किराए में बड़ी राहत मिली है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर बीएसपी प्रबंधन ने रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का किराया घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह कर दिया है। नई दर से रिटेंशन श्रेणी के आवासधारियों को 75 प्रतिशत और थर्ड पार्टी श्रेणी वालों को 25 प्रतिशत की राहत मिलेगी। इस फैसले से कुल 3,946 आवासधारियों को लाभ मिलने का अनुमान है।

बीएसपी के नगर सेवाएं विभाग ने 2 नवंबर को संशोधित आदेश जारी किया है। इससे पहले रिटेंशन श्रेणी के आवासों का किराया 24 रुपए और थर्ड पार्टी श्रेणी का 8 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह था। अब दोनों श्रेणियों के लिए एक समान दर लागू होगी।

500 वर्गफीट के मकान पर 9 हजार की बचत

नई दर का असर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिवारों पर सबसे ज्यादा पड़ेगा। उदाहरण के तौर पर 500 वर्गफीट के रिटेंशन आवास का किराया पहले 12 हजार रुपए प्रतिमाह था। अब यह घटकर 3 हजार रुपए हो जाएगा। यानी हर महीने 9 हजार और सालभर में 1.08 लाख रुपए की बचत होगी।

संशोधित व्यवस्था से रिटेंशन श्रेणी के 1,158 और थर्ड पार्टी श्रेणी के 2,788 आवासधारियों को राहत मिलेगी। आदेश में नई दर को पूर्व प्रभाव से लागू करने और संबंधित अवधि के किराए की पुनर्गणना का भी प्रावधान है। हालांकि, पहले जमा की गई अतिरिक्त राशि के समायोजन की प्रक्रिया विभागीय निर्देशों के अनुसार तय होगी। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक अंतरिम रूप से प्रभावी रहेगी।

सीएम से मिले संघों के पदाधिकारी

मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में आवासधारियों की समस्या और किराया वृद्धि से पैदा हुए आर्थिक दबाव पर चर्चा हुई थी। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और बीएसपी अधिकारियों के बीच सहमति बनी।

मंगलवार को सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ और थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री निवास में साय से मुलाकात की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय और विधायक ललित चंद्राकर व रिकेश सेन सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button