StateNewsदेश - विदेश

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर, आंध्र प्रदेश में अति भारी बारिश की आशंका; छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी बरसेंगे बादल

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के असर से 4 नवंबर को 19 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी और दक्षिणी भारत के राज्यों में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश का अलर्ट है।

दक्षिण भारत में ज्यादा असर

आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक की आशंका है। तेलंगाना के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ इलाकों में भी बारिश और गरज-चमक का अनुमान है। समुद्र में हलचल को देखते हुए मछुआरों को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश तट के आसपास समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

छत्तीसगढ़ और मध्य भारत में बारिश

छत्तीसगढ़ में 4 नवंबर को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। मध्य प्रदेश, विदर्भ, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है।

उत्तर भारत में सुबह ठंड, दिन में राहत

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल बारिश की संभावना कम है। मौसम साफ रहने के साथ सुबह हल्की धुंध या कोहरा छा सकता है। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी सुबह और रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने बारिश प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और कुछ नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने का खतरा है। किसानों और मछुआरों को स्थानीय मौसम चेतावनियों के अनुसार काम करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button