बाफना हाउस सुसाइड केस: परिजनों का आरोप- रेप के बाद हत्या कर शव लटकाया; शरीर पर चोट के निशान मिलने का दावा, भीड़ ने की तोड़फोड़

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित बाफना हाउस में 21 साल की युवती की मौत के मामले में परिजनों ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया।
चाची के मुताबिक, अंतिम संस्कार से पहले शव को नहलाते समय शरीर पर चोट और नोचने के निशान दिखे। प्राइवेट पार्ट के पास सूजन और रुई मिलने का भी दावा किया गया है। घटना के विरोध में मंगलवार को लोगों ने रैली निकाली और बाफना हाउस के बाहर तोड़फोड़ की।
2 नवंबर को मिला था शव
युवती 21 अक्टूबर से बाफना हाउस में काम कर रही थी। यहां कपड़े और ज्वेलरी का कारोबार होता है। परिजनों के मुताबिक, यह प्रतिष्ठान पूर्व विधायक और भाजपा नेता संतोष बाफना का है।
2 नवंबर को युवती का शव दुकान के अंदर मिला था। उसके गले में चुन्नी का टूटा हुआ फंदा था और उसका एक हिस्सा लटक रहा था। परिजन शुरू से ही मौत को आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं।
शाम को हुई थी आखिरी बातचीत
परिजनों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले शाम 6 से 6:30 बजे युवती की फोन पर बात हुई थी। उसने बाद में बात करने की बात कही थी। रात करीब 9:30 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार ने दुकान के स्टाफ से संपर्क किया। स्टाफ ने बताया कि युवती शाम से गायब है और मोबाइल दुकान में छूट गया है। अगले दिन परिजन दुकान पहुंचे तो उसका शव मिला।
CCTV फुटेज जांचने की मांग
परिजनों ने दुकान के CCTV कैमरों की फुटेज जांचने और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। मंगलवार को युवती की तस्वीर लेकर रैली निकाली गई। आक्रोशित लोगों ने बाफना हाउस के बाहर रखे गमले तोड़ दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के मुताबिक, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। फंदा टूटा हुआ था और शव जमीन पर पड़ा मिला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि मौत की वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पूर्व विधायक संतोष बाफना से पक्ष जानने के लिए संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी।



