StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

6 अक्टूबर की रात से महंगी होंगी IndiGo की उड़ानें, घरेलू टिकट पर ₹1,300 तक बढ़ेगा खर्च

दिल्ली। देश की बड़ी एयरलाइन IndiGo ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतों के बीच घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का फैसला किया है। नए चार्ज 6 अक्टूबर की रात 12:01 बजे से लागू होंगे।

इसके बाद यात्रियों को रूट और दूरी के हिसाब से अतिरिक्त भुगतान करना होगा। घरेलू उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज अधिकतम ₹1,300 तक बढ़ाया गया है, जबकि कुछ अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर यह राशि ₹10,000 तक पहुंच सकती है।

दूरी के हिसाब से लगेगा चार्ज

घरेलू उड़ानों में 0 से 500 किलोमीटर की दूरी के लिए ₹375 फ्यूल सरचार्ज देना होगा। 501 से 1,000 किलोमीटर के लिए यह ₹600, 1,001 से 1,500 किलोमीटर के लिए ₹900 और 1,501 से 2,000 किलोमीटर की दूरी के लिए ₹1,150 होगा। 2,000 किलोमीटर से अधिक दूरी वाले घरेलू रूट्स पर यात्रियों से ₹1,300 अतिरिक्त लिए जाएंगे।

इंटरनेशनल उड़ानों पर भी बढ़ा बोझ

इंटरनेशनल रूट्स पर भी फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया गया है। SAARC देशों के छोटे रूट्स पर यह करीब ₹1,000 से शुरू होगा। वहीं यूरोप जैसे लंबी दूरी के रूट्स पर यात्रियों को ₹10,000 तक अतिरिक्त भुगतान करना पड़ सकता है।

तीन महीने में 27 से ज्यादा बढ़ा ATF

एयरलाइन के मुताबिक, सरचार्ज बढ़ाने की वजह ATF की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी है। 1 अक्टूबर से जेट फ्यूल के दाम में करीब ₹16 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। पिछले तीन महीनों में ATF की कीमत करीब ₹27.28 प्रति लीटर बढ़ चुकी है।

एयरलाइन के ऑपरेटिंग खर्च में ईंधन की बड़ी हिस्सेदारी होती है, इसलिए इसकी कीमत बढ़ने का असर सीधे हवाई किराए पर पड़ता है।

IndiGo ने पिछले छह महीनों में तीसरी बार फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया है। इससे त्योहारी सीजन में हवाई सफर करने वाले यात्रियों के बजट पर अतिरिक्त असर पड़ सकता है।

Related Articles

Back to top button