दिल्ली-UP समेत उत्तर भारत में बदलेगा मौसम, बिहार-झारखंड में बारिश; केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश के आसार

दिल्ली। देशभर में मानसून की वापसी के बीच कई राज्यों में मौसम फिर बदल गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 6 से 10 अक्टूबर के बीच उत्तर, मध्य, पूर्व, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर रहेगा। दक्षिण भारत में कुछ जगह भारी बारिश की संभावना है, जबकि उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।
उत्तर भारत: दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने के आसार हैं। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 6 से 10 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बिजली और 30-50 किमी प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 6 से 8 अक्टूबर तक बारिश, जबकि 9-10 अक्टूबर को गतिविधि बढ़ने का अनुमान है।
मध्य भारत: मध्य प्रदेश में 6 से 10 अक्टूबर तक कई जगह बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 5 से 10 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। 6 और 7 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे और झोंकों में 60 किमी प्रति घंटे तक हवाएं चलने का अनुमान है। महाराष्ट्र के कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी बारिश के आसार हैं।
पूर्वी भारत: बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश का दौर जारी रह सकता है। ओडिशा में गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। सिक्किम में भी बारिश के आसार हैं।
पूर्वोत्तर: अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 अक्टूबर तक कई जगह बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी है।
दक्षिण भारत: केरल में व्यापक बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी हिस्सों में भी बारिश होगी। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10 अक्टूबर तक बारिश के आसार हैं। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और रायलसीमा में भी कुछ जगह बारिश हो सकती है।
पश्चिम भारत: गुजरात में फिलहाल कई इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है, जबकि महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान है। गोवा और कोंकण क्षेत्र में भी 6 से 10 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है।





