StateNewsदेश - विदेश

PM गुजरात के साणंद में सेमीकंडक्टर प्लांट का करेंगे उद्घाटन: 22,516 करोड़ की लागत से तैयार, मेक इन इंडिया मिशन का पहला प्रोजेक्ट

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गुजरात दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 3.45 बजे अहमदाबाद के पास साणंद में माइक्रोन टेक्नोलॉजी की सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्टिंग, मार्किंग और पैकेजिंग (ATMP) फैसिलिटी का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित भी करेंगे। इस प्लांट में पहली बार ‘मेड इन इंडिया’ सेमीकंडक्टर मेमोरी मॉड्यूल्स का वाणिज्यिक उत्पादन और शिपमेंट शुरू होगा।

यह परियोजना केंद्र सरकार के ‘मेक इन इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन’ के तहत शुरू की गई पहली बड़ी परियोजना है। इस प्लांट को 22,516 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है। इसके माध्यम से भारत को सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

यह प्लांट एटीएमपी यानी असेंबली, टेस्टिंग, मार्किंग और पैकेजिंग तकनीक पर आधारित है। यहां सेमीकंडक्टर चिप्स को जोड़ा जाएगा, उनकी गुणवत्ता जांची जाएगी, जरूरी मार्किंग की जाएगी और फिर पैकेजिंग कर बाजार में भेजा जाएगा। इससे देश में माइक्रोचिप निर्माण को मजबूती मिलेगी और आयात पर निर्भरता कम होगी।

अब तक भारत सेमीकंडक्टर चिप्स के लिए बड़े पैमाने पर विदेशों पर निर्भर रहा है। ऐसे में यह प्लांट तकनीकी विकास, बड़े निवेश और हजारों रोजगार के अवसर पैदा करेगा। साथ ही यह डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों को भी गति देगा।

यह प्लांट अमेरिकी कंपनी माइक्रोन टेक्नोलॉजी द्वारा लगाया गया है। इसके लिए अगस्त 2023 में गुजरात सरकार के साथ समझौता हुआ था। गुजरात में सेमीकंडक्टर क्षेत्र में यह पहला बड़ा निवेश है, जिसके बाद धोलेरा और साणंद में अन्य कंपनियों को भी मंजूरी दी गई है।

गुजरात सरकार ने वर्ष 2022 से 2027 तक के लिए सेमीकंडक्टर नीति लागू की है, जिसके तहत निवेशकों को सब्सिडी, जमीन पर स्टांप ड्यूटी में छूट और सस्ती दर पर पानी व अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। यह नीति गुजरात को सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button