ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सरकारी गेस्ट हाउस में अफसरों की शराब पार्टी: VIDEO वायरल, मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में सरकारी गेस्ट हाउस में अफसरों की शराब पार्टी का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। DSPM प्लांट (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी थर्मल पावर स्टेशन) के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार समेत 5 अफसर शराब पीते पकड़ाए हैं। घटना का वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसमें कमरे के अंदर शराब की बोतलें, गिलास और फ्रीजर में रखी बीयर दिखाई दे रही है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के कोरबा दौरे के दौरान उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहित कई भाजपा नेता वीआईपी गेस्ट हाउस पहुंचे थे। इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने एक कमरे से तेज आवाज और सिगरेट के धुएं की शिकायत की। जब दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर अधिकारी शराब पार्टी करते मिले।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमरे में धुआं भरा हुआ था और टेबल पर शराब की बोतलें रखी थीं। जांच के दौरान किचन के फ्रीजर से भी बीयर की कई बोतलें बरामद की गईं। बताया जा रहा है कि जिस गेस्ट हाउस में यह घटना हुई, उसका प्रभार भी गोवर्धन सिदार के पास ही था।

मामले की जानकारी मिलते ही मंत्री लखनलाल देवांगन ने तत्काल कंपनी के एमडी से फोन पर बात कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। एमडी ने जांच के आदेश देते हुए दोषी पाए जाने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

यह भी सामने आया है कि गेस्ट हाउस में इस तरह की गतिविधियां पहले भी होती रही हैं। फिलहाल, मामले की जांच जारी है और अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। घटना के सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button