StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

लू के अलर्ट के बीच बारिश की चेतावनी: तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में अगले दो दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। इसके चलते गर्मी के साथ-साथ अस्थिर मौसम की स्थिति बनी हुई है। अगले पांच दिनों तक तापमान में खास राहत मिलने की संभावना नहीं है।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे ज्यादा है। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर में दिन के साथ-साथ रात भी गर्म रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने हीटवेव के साथ ‘गर्म रात’ की स्थिति भी बनने की चेतावनी दी है, जिससे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

आने वाले दो दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। हालांकि, इन बदलावों के बावजूद गर्मी का प्रभाव कम नहीं होगा। ऐसे में लोगों को धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button