ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

लॉटरी में कार जीतने का झांसा,रिटायर्ड BSP कर्मी से 1 करोड़ की ठगी

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में ऑनलाइन ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां शातिर ठगों ने एक रिटायर्ड बीएसपी कर्मी से करीब 1 करोड़ रुपए ठग लिए। आरोपियों ने 15 लाख की कार लॉटरी में जीतने का झांसा देकर टैक्स और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम ऐंठी।

मामला भखारा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित कमलेश ठाकुर (66) ने वर्ष 2022 में टीवी पर आयुर्वेदिक दवा का विज्ञापन देखकर ऑनलाइन ऑर्डर किया था। इसके बाद उनके पास अज्ञात नंबरों से लगातार कॉल आने लगे। कुछ दिनों बाद ठगों ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके नाम पर 15 लाख रुपए की कार लॉटरी निकली है।

ठगों ने कार डिलीवरी के लिए टैक्स और अन्य शुल्क जमा करने की बात कही। साथ ही लालच दिया कि यदि वे कार नहीं लेते, तो जमा रकम पर अधिक ब्याज मिलेगा। इस झांसे में आकर पीड़ित ने धीरे-धीरे अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करना शुरू कर दिया।

करीब तीन वर्षों में उन्होंने 80 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए, जबकि बाकी राशि का सटीक हिसाब उन्हें याद नहीं है। कुल ठगी की रकम करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है। जब परिवार को इस मामले की जानकारी मिली, तब जाकर ठगी का खुलासा हुआ और थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 2022 से 2025 के बीच सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के लालच या लॉटरी के झांसे में न आएं और संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन ऑफर से सतर्क रहें।

Related Articles

Back to top button