ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

“मां मुझे माफ कर देना…” वीडियो पोस्ट करने के बाद ट्रक ड्राइवर ने लगाई फांसी, मर्सिडीज सवारों पर लगाए मारपीट के आरोप

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एक ट्रक ड्राइवर ने सड़क हादसे के बाद आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने सोशल मीडिया पर करीब 8 वीडियो पोस्ट किए, जिनमें उसने अपनी मां से माफी मांगी और आरोप लगाया कि हादसे के बाद मर्सिडीज सवार लोगों ने उसके साथ मारपीट की और धमकी दी। मृतक की पहचान महासमुंद जिले के रहने वाले ताम्रध्वज साहू (25) के रूप में हुई है।

ताम्रध्वज रायपुर के एक ट्रांसपोर्टर के यहां ट्रक चालक के रूप में काम करता था। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को वह ट्रक में सामान लेकर जगदलपुर से गीदम की ओर जा रहा था। इसी दौरान गीदम थाना क्षेत्र के बंजारी घाट में सामने से आ रही एक मर्सिडीज कार से ट्रक की टक्कर हो गई।

हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। ताम्रध्वज ने आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में दावा किया कि दुर्घटना के बाद मर्सिडीज सवार लोगों ने उसकी पिटाई की। उसने आरोप लगाया कि मौके पर कुछ अन्य लोगों को भी बुलाया गया और उसे परिवार को नुकसान पहुंचाने तथा जान से मारने की धमकी दी गई।

वीडियो में ताम्रध्वज ने कहा कि ट्रक न्यूट्रल में था और उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन वाहन पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सका। उसने अपने ट्रक मालिक लक्ष्मण को भी संदेश देते हुए कहा कि हादसे में उसकी कोई गलती नहीं थी।

वीडियो में उसने यह भी बताया कि वह मुख्य सड़क से करीब 30 से 40 मीटर अंदर एक पेड़ के पास आत्महत्या करने जा रहा है। इसके बाद उसका शव बंजारी घाट के पास पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

मामले की जांच कर रहे SDOP गोविंद सिंह दीवान ने बताया कि ट्रक मालिक की सूचना के बाद पुलिस ने ताम्रध्वज के मोबाइल नंबर को ट्रेस किया। लोकेशन मिलने पर टीम मौके पर पहुंची, जहां उसका शव मिला। पुलिस अब सोशल मीडिया वीडियो, घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना में शामिल मर्सिडीज कार का नंबर KA03MQ6809 है। RTO रिकॉर्ड में यह वाहन आतिफ अफरोज पाशा के नाम पर दर्ज बताया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।

Related Articles

Back to top button