StateNewsदेश - विदेश

कियोस्क अनुमति के बदले रिश्वत लेते बैंक अधिकारी गिरफ्तार, CBI ने रंगे हाथों दबोचा

जबलपुर/शहडोल। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की जबलपुर इकाई ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एक सहायक प्रबंधक को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर बैंकिंग कियोस्क की अनुमति देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद बैंक कार्यालय और आरोपी के ठिकानों पर भी जांच की गई।

जानकारी के अनुसार, शहडोल निवासी दीपेंद्र सिंह ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में चार बैंकिंग कियोस्क खोलने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन को मंजूरी देने और आवश्यक अनुमति जारी करने के बदले बैंक के सहायक प्रबंधक अभ्यंकर शर्मा ने 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर दीपेंद्र सिंह ने इसकी शिकायत CBI के पुलिस अधीक्षक एस.के. राठी से की।

शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले का सत्यापन किया और शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। गुरुवार को आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता को बैंक के बाहर गुरुद्वारे के पास रुपए लेकर मिलने बुलाया। जैसे ही उसने 10 हजार रुपए की रिश्वत ली, पहले से मौजूद CBI टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद CBI अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ की और उसके बैंक स्थित केबिन की तलाशी ली। इसके अलावा उसके निवास पर भी जांच की गई। बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से ग्वालियर का रहने वाला है, इसलिए CBI की एक टीम उसके ग्वालियर स्थित आवास पर भी जांच के लिए भेजी गई है।

CBI ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं इस तरह की रिश्वतखोरी का कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं चल रहा था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button