‘कुमकुम भाग्य’ एक्ट्रेस संचिता उगले ने की आत्महत्या: घर में फंदे से लटका मिला शव, मौत से पहले पोस्ट की थी आखिरी रील

मुंबई। टीवी सीरियल ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ जैसे लोकप्रिय शोज में काम कर चुकीं अभिनेत्री संचिता उगले ने रविवार रात आत्महत्या कर ली। 22 वर्षीय संचिता का शव महाराष्ट्र के पालघर स्थित उनके घर में सीलिंग फैन से लटका मिला। पुलिस के अनुसार, उन्होंने साड़ी का फंदा बनाकर यह कदम उठाया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
मुंबई पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। घटना के समय संचिता घर में अकेली थीं। उनके पिता ने भी किसी व्यक्ति को बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है। परिवार उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 5:30 बजे संचिता की बहन अंजली किसी काम से घर से बाहर गई थीं। इसी दौरान अभिनेत्री ने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मौत से कुछ घंटे पहले पोस्ट की थी रील
संचिता सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं। आत्महत्या से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक रील पोस्ट की थी। इसमें वह ‘डफली वाले, डफली बजा’ गाने पर लिपसिंक करती नजर आई थीं। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, “मैं नाचूं, तू नचा।” उनके निधन के बाद फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
चचेरे भाई ने लगाए इंडस्ट्री पर आरोप
संचिता के चचेरे भाई आकाश उगले ने दावा किया है कि अभिनेत्री को फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में दबाव का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडस्ट्री में कई बार नए कलाकारों को परेशान किया जाता है। हालांकि, पुलिस जांच में अभी तक इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने संचिता से जुड़े एक सोशल मीडिया पोस्ट का भी जिक्र किया, जिसमें अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत से संबंधित सामग्री थी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
कई टीवी शो और फिल्मों में किया काम
संचिता उगले ने कम उम्र में ही मनोरंजन जगत में पहचान बनाई थी। उन्होंने ‘कुमकुम भाग्य’ में दिया का किरदार निभाया था। इसके अलावा ‘वागले की दुनिया’, ‘साजन घर में’ और अन्य टीवी शोज में भी नजर आई थीं। उन्होंने फिल्म ‘छावा’ और ‘साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट’ में भी काम किया था।
अभिनेत्री की मौत के बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने महाराष्ट्र सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस फिलहाल परिवार, दोस्तों और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।





