रायपुर में रोजगार मेले का समापन: 5 हजार से ज्यादा युवाओं का चयन, 1100 को CM ने दिए ऑफर लेटर

रायपुर। राजधानी रायपुर में दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला-2026 का बुधवार को समापन हुआ। सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित मेले में प्रदेशभर से 13 हजार से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। अलग-अलग कंपनियों की चयन प्रक्रिया के बाद 5 हजार से ज्यादा युवाओं का अंतिम चयन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने करीब 1100 चयनित युवाओं को ऑफर लेटर सौंपे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर कौशल प्रशिक्षण और उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर छत्तीसगढ़ में ही मिलें, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदार बन सकें।
95 से ज्यादा नियोक्ता संस्थानों ने लिया हिस्सा
रोजगार मेले में 95 से अधिक पंजीकृत नियोक्ता संस्थानों और कंपनियों ने भाग लिया। करीब 50 स्टॉल लगाए गए, जहां युवाओं के दस्तावेज सत्यापन, साक्षात्कार और चयन की प्रक्रिया हुई। ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग और स्नातक सहित अलग-अलग योग्यता वाले युवाओं को रोजगार के अवसर मिले। दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में युवा पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 925 रोजगार मेलों का आयोजन हुआ है। इनके माध्यम से 25 हजार 845 से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं का इस बार चयन नहीं हुआ, उनके लिए भी आगे रोजगार मेलों और कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
ई-रोजगार पोर्टल बनेगा ‘स्किल मार्केट’
सरकार ई-रोजगार पोर्टल को ‘स्किल मार्केट’ के रूप में विकसित करेगी। इसमें युवाओं की योग्यता और कौशल के साथ कंपनियों की रिक्तियों की जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। इससे युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी और उद्योगों को जरूरत के मुताबिक कुशल कर्मचारी खोजने में आसानी होगी।
कार्यक्रम में पॉलिटेक्निक संस्थानों की गुणवत्ता सुधार से जुड़ी क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया की थर्ड पार्टी मूल्यांकन रिपोर्ट का भी विमोचन किया गया।





