बिजली बिल के पुराने बकाये पर राहत, समाधान योजना की अवधि 31 दिसंबर तक बढ़ी

राजनांदगांव क्षेत्र में 65,062 उपभोक्ताओं को मिला लाभ, 19.46 करोड़ रुपए की छूट; 5.89 करोड़ रुपए बकाया जमा
रायपुर। पुराने बिजली बिलों के बकाये से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 की अवधि बढ़ाकर अब 31 दिसंबर 2026 कर दी गई है। राजनांदगांव क्षेत्र के चार जिलों में योजना के तहत अब तक 65,062 उपभोक्ता लाभान्वित हो चुके हैं। इन्हें मूल बकाया और सरचार्ज में कुल 19 करोड़ 46 लाख रुपए की छूट दी गई है।
राजनांदगांव क्षेत्र के अंतर्गत राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले शामिल हैं। योजना में पात्र बीपीएल, घरेलू और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को पुराने बकाये के निपटारे पर निर्धारित प्रावधानों के अनुसार छूट दी जा रही है। लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं में 31,392 निष्क्रिय और 33,669 पात्र सक्रिय उपभोक्ता शामिल हैं।
कवर्धा में सबसे ज्यादा उपभोक्ता लाभान्वित
योजना के तहत कवर्धा संभाग में 24,415 और पंडरिया में 21,234 उपभोक्ताओं को लाभ मिला है। राजनांदगांव संभाग में 6,023, डोंगरगढ़ में 5,351, खैरागढ़ में 3,670, मोहला में 3,076 और डोंगरगांव संभाग में 1,293 उपभोक्ता लाभान्वित हुए हैं।
योजना के तहत अब तक उपभोक्ताओं ने करीब 5 करोड़ 89 लाख रुपए की बकाया राशि जमा की है। इससे उपभोक्ताओं को पुराने आर्थिक बोझ से राहत मिलने के साथ बिजली कंपनी के राजस्व संग्रहण को भी गति मिली है।
66 वितरण केंद्रों और 3 जोनों में अभियान
मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम ने बताया कि पात्र उपभोक्ताओं तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए 66 वितरण केंद्रों और 3 जोनों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारी-कर्मचारी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जाकर योजना की पात्रता, छूट और भुगतान प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं।
उन्होंने 31 मार्च 2023 से पहले के बकाया बिजली बिल वाले पात्र बीपीएल, घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं से 31 दिसंबर तक योजना का लाभ लेने की अपील की है। उपभोक्ता अपने निकटतम वितरण केंद्र या जोन कार्यालय में संपर्क कर बकाये का निपटारा करा सकते हैं।





