ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जशपुर में शुरू होगा फिजियोथेरेपी कॉलेज, 50 सीटों पर इसी सत्र से प्रवेश की तैयारी

कंडोरा में 1.10 करोड़ के भवन में होगा प्रारंभिक संचालन; चराईडांड में 13.93 करोड़ से बनेगा हाईटेक स्थायी कैंपस

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से जशपुर जिले में स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में नई सुविधा जुड़ने जा रही है। कुनकुरी विकासखंड के ग्राम कंडोरा में फिजियोथेरेपी कॉलेज शुरू करने की तैयारी है।

करीब 1.10 करोड़ रुपए की लागत से बने हाईस्कूल भवन में कॉलेज का प्रारंभिक संचालन किया जाएगा। यहां 50 सीटों पर इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश शुरू करने की तैयारी है। इससे जशपुर और आसपास के विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी की व्यावसायिक शिक्षा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी।

कंडोरा में निर्मित भवन में हाईस्कूल संचालन की अनुमति नहीं मिलने के बाद शासन ने उपलब्ध अधोसंरचना का बेहतर उपयोग करने का निर्णय लिया है। अब इसी भवन का उपयोग फिजियोथेरेपी कॉलेज के लिए किया जाएगा। इससे पहले से तैयार भवन का उपयोग होने के साथ जिले में चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर भी विकसित होंगे।

विद्यार्थियों को जिले में ही मिलेगा करियर का अवसर

कॉलेज शुरू होने से विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सकेगा। उन्हें शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी। प्रशिक्षित युवाओं के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

मरीजों को भी मिलेगा फायदा

फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना से भविष्य में जिले में उपचार सुविधाओं के विस्तार का रास्ता भी खुलेगा। वर्तमान में कई मरीजों को फिजियोथेरेपी के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन और विशेषज्ञ सेवाएं विकसित होने से मरीजों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

चराईडांड में बनेगा स्थायी कैंपस

कॉलेज के लिए चराईडांड के पास करीब 13.93 करोड़ रुपए की लागत से स्थायी हाईटेक कैंपस विकसित करने की योजना है। स्थायी परिसर तैयार होने तक कंडोरा के भवन से कॉलेज संचालित होगा। नए कैंपस में विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक और प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है। इससे जशपुर में स्वास्थ्य शिक्षा के साथ फिजियोथेरेपी सेवाओं के विस्तार को भी गति मिलेगी।

Related Articles

Back to top button